बाइक चोरी करके भाग रहे दो आटोलिफ्टर दबोचे
बाइक चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आटोलिफ्टर धर दबोच लिए। इनके पास चोरी की बाइक, तमंचा और छुरी बरामद हुई। आरोपियों ने फरवरी माह में एक व्यापारी से हुई लूट करना भी कबूल किया है। रौतापुर गांव के रहने वाले वीर बहादुर सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि सोमवार शाम उनकी बाइक घर के बाहर से चोरी हो गई थी। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चोरी की बाइक तलाश शुरू कर दी। एसओ रूम सिंह वघेल के निर्देश पर एसआई रविंद्र सिंह, लक्ष्मी नरायन गुप्ता, कांस्टेबल राजीव कुमार, उमाशंकर रौतापुर पुलिया की ओर निकले। इस बीच बाइक सवार दो युवक पुलिस को देख बाइक मोड़कर भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर कुछ दूरी पर उनको धर दबोचा। चेक करने पर उनके पास मिली बाइक चोरी की निकली। दोनों आरोपी हापुड़ देहात के न्यू पुन्नापुरी निवासी मंदीप और अभिनव चौधरी की तलाशी लेने पर 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस व एक छुरी बरामद हुई। दोनों को पकड़कर पुलिस थाने ले गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चार फरवरी को रौतापुर मार्ग पर साइकिल सवार रोहित पाल से लैपटॉप व 450 रुपये लूटने की घटना कबूल की। मंगलवार को सीओ हरीश भदौरिया ने आटोलिफ्टर के पकड़े जाने का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों की बिलसंडा क्षेत्र के रहपुरा गांव में रिश्तेदारी है। घटना करने के बाद वे वहीं रिश्तेदारी में रुक जाते थे। हापुड़ पुलिस से इनकी क्रिमिनल हिस्ट्री जुटाई जा रही है। एसपी देवरंजन वर्मा ने टीम को ढाई हजार रुपये ईनाम देने की घोषणा की है।