शहर में बिना अनुमति के चोरी-छिपे ट्रक व बसों को काटने का धंधा चल रहा है। शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट की सूचना पर असम चौकी इंचार्ज ने नौगवां के एक गोदाम में ट्रक काट रहे पांच लोगों को पकड़ लिया। ट्रक कब्जे में लेकर पांचों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। शहर में डिग्री कॉलेज चौराहा से नौगवां चौराहा व असम रोड, मंडी रोड आदि पर आए दिन ट्रक-बसों को काटकर नष्ट किया जा रहा है। मिलीभगत से खुलेआम चल रहे इस गोरखधंधे को देखकर भी अनदेखा किया जा रहा है। शनिवार को किसी ने सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार शर्मा को सूचना दी कि नौगवां चौराहे के निकट एक गोदाम में फर्जी अभिलेखों के आधार पर ट्रक काटा जा रहा है। इस पर उन्होंने सुनगढ़ी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर असम चौकी इंचार्ज इंद्रजीत सिंह भदौरिया ने टीम के साथ गोदाम पर छापा मारा। ट्रक के अभिलेख मांगने पर ट्रक काटने वालों ने किसी अन्य ट्रक के अभिलेख दिखाए। इस पर पुलिस ने इस काम में लगे पांच लोगों को पकड़ लिया। सभी को थाने लाकर मुकदमा दर्ज किया गया है साथ ही ट्रक को कब्जे में लिया गया है।