कोतवाली क्षेत्र के गांव चुर्रासकतपुर में गुरुवार को तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान गांव का ही एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से समारोह की खुशियां काफूर हो गई। पुलिस ने प्रधान के बेटे समेत दो लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमला की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव चुर्रासकतपुर निवासी सुरेश चंद्र राठौर ने बताया कि गुरुवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे गांव के ही बच्चूलाल राठौर के पुत्र सोनू का तिलक समारोह था। इसमें उनका 20 वर्षीय पुत्र राजकुमार भी गया था। तिलक के दौरान एक युवक ने लाइसेंसी दोनाली बंदूक से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पड़ोस में खड़े राजकुमार को लग गई। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से समारोह की खुशियां काफूर हो गई। समारोह में मौजूद अधिकांश लोग पुलिस की पूछताछ से बचने के लिए वहां से चले गए। गोली चलाने वाला युवक भी भाग गया था। घायल को गंभीर हालत में बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के पिता सुरेश चंद्र ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी। एसआई रघुनंदन सिंह यादव ने बताया कि सुरेश चंद्र की तहरीर पर जानलेवा हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में गांव के ही बुलाकी राम और राजू को नामजद किया गया है। आरोपी राजू ग्राम प्रधान गंगा देवी का पुत्र है। रिपोर्ट में कहा गया कि बुलाकी राम ने राजू की लाइसेंसी बंदूक से फायर कर उनके पुत्र पर जानलेवा हमला किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के घर बंदूक बरामद करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई, लेकिन वे नहीं मिले।
हर्ष फायरिंग किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिए। इसे रोकने के लिए थानाध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दे दिए गए हैं। जिसकी बंदूक से फायरिंग हुई है उसका लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
-विकास कुमार वैद्य, एएसपी