बंद मकान के ताले तोड़कर हजारों की चोरी
बंद मकान में ताले तोड़कर घुसे चोर 17 हजार रुपये नकद व अन्य सामान समेट ले गए। आहट सुनकर पड़ोस में रह रहे भाई के शोर मचाने पर चोर हवाई फायरिंग करके भाग गए। इसकी सूचना देने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन सोमवार देर शाम तक मुकदमा नहीं लिखा गया। शेरपुरकलां निवासी मोहम्मद आलिम छह जनवरी को परिवार के साथ अपनी ससुराल गोविंद नगर गए थे। उनके मकान में ताला लगा हुआ था। वहीं पड़ोस में उनके भाई जहीर उर्फ बब्बू का घर है। रविवार रात चोर मेन गेट का ताला तोड़कर घुस गए। चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर घर में रखे सत्रह हजार रुपये, सोने का एक टीका, हार, झुमकी, कंगन, चार अंगूठी, चांदी की पायल व अन्य घरेलू सामान समेट लिया। रात करीब एक बजे खटपट की आवाज सुनकर पड़ोस में रह रहा भाई जहीर जाग गया। उसने बाहर निकल कर देखा तो आलिम के घर मुख्य दरवाजा खुला देख दंग रह गए। उनके शोर मचाने पर चोर हवाई फायरिंग करते हुए बाहर निकलकर भाग गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के अन्य लोग जाग गए। इसके बाद चोरों की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। सोमवार सुबह घटना की तहरीर मिलने पर कोतवाली पुलिस मौका मुआयना किया। सीओ बीपी सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी की जाएगी। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।