राज्यपक्षी सारस का हत्यारोपी गिरफ्तार
राज्यपक्षी सारस के हत्यारोपी को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपी दीनदयाल ने गोली मार कर हत्या करने की बात स्वीकार की है। पूछताछ के बाद वनविभाग ने उसे जेल भेज दिया है। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव उमराखान सिंह में चार दिन पूर्व राज्यपक्षी सारस की हत्या कर दी गई थी। ग्रामीणों व करोड़ चौकी पुलिस की सूचना पर वन दरोगा रमाकांत ने गांव पहुंचकर सारस का शव बरामद कर पोस्टमार्टम को भेजा था। इस मामले में गांव निवासी दीनदयाल पुत्र चेतराम के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वन विभाग में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। डीएफओ आदर्श कुमार ने मामले की जांच एसडीओ केपी सिंह को सौंपी थी। इस बीच मुखबिर की सूचना पर एसडीओ केपी सिंह के नेतृत्व में गठित टीम के रेंजर कुंजमोहन शर्मा, संजीव तिवारी, शेर सिंह, सुरेश ने आरोपी दीनदयाल को बीसलपुर से गिरफ्तार कर लिया। एसडीओ ने बताया कि आरोपी की बंदूक भी तलाशी जा रही है।