बस स्टैंड चौराहे पर ट्रक से कुचलकर जयगुरुदेव संगत के एक वृद्ध कार्यकर्ता की मौत हो गई है। इस घटना से मृतक के घर कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मोहल्ला बख्ताबर लाल निवासी मुन्ना लाल ने बताया कि उनके पिता 70 वर्षीय रामलाल राठौर जयगुरुदेव संगत के कार्यकर्ता हैं। शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे पिता रामलाल खेत देखकर साइकिल से घर लौट रहे थे। बस स्टैंड चौराहे पर ईदगाह चौराहे की ओर से आ रहे तेज ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे उनकी ट्रक के पहिये के नीचे आकर कुचलकर मौके पर मौत हो गई। साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर बरखेड़ा की ओर भाग निकला। सूचना मिलने पर मृतक के रोते-बिलखते घरवाले मौके पर पहुंच गए। प्रभारी कोतवाल केपी सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र मुन्ना लाल की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के तीन पुत्र हैं।