थाना हजारा क्षेत्र में खेत से घर लौट रही एक 18 वर्षीय युवती को बाइक सवार ने रोक लिया और उसके साथ छेड़छाड़ की। बाद में उसके ही दुपट्टे से युवती के हाथ बांध दिए और बाइक पर जबरन बिठाने का प्रयास किया। शोरशराबा होने पर जब खेतों से काम कर लौट रहे लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे छोड़कर भाग निकला। युवती के पिता ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने बताया कि वह परिवार समेत मजदूरी पर गन्ने की छिलाई करते हैं। बुधवार को वह पत्नी, पुत्री और पुत्रों के साथ गांव के ही एक फार्म पर गन्ने की छिलाई कर रहे थे। शाम होने पर उसने अपनी पुत्री को खाना बनाने और घरेलू अन्य काम करने के लिए घर भेज दिया। शाम करीब 5.30 बजे पुत्री अकेले घर पैदल जा रही थी। रास्ते में बाइक से आ रहे गांव से करीब एक किलोमीटर दूरी पर स्थित एक फार्म के युवक ने उसकी पुत्री को दबोच लिया और छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर पुत्री के दोनों हाथ उसके ही दुपट्टे से बांध दिए और बाइक पर जबरन बैठाने का प्रयास करने लगा। शोर होने पर घर वापस लौट रहे खेतों से काम कर रहे अन्य मजदूर दौड़े तो आरोपी पुत्री को छोड़कर बाइक समेत भाग निकला। बुधवार को उन्होंने पीड़िता के साथ थाना पहुंचकर आरोपी के नामजद तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एसओ वीके मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।