गांव भोगापुर में शराब की अवैध रूप से चल रही भट्टी को लेकर हुआ विवाद
कोतवाली क्षेत्र के गांव भोगापुर में कहासुनी को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भोगापुर में रविवार को सुबह दो पक्षों में शराब की अवैध रूप से चल रही भट्टी को लेकर पहले कहासुनी हुई, फिर गाली गलौज और मारपीट होने लगी। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर लाठी डंडों और धारदार हथियारों से वार किया। इसमें दोनों पक्षों के महेश, शिवकुमार, नंदकिशोर, गयादीन की पत्नी जमुना देवी, कल्लू, लेखराज, हरदयाल, झम्मन देवी, जयवीर और संगीता देवी घायल हो गए हैं, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों ने कोतवाली में एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। प्रथम पक्ष के नंदकिशोर द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में महेश और शिवकुमार को नामजद किया गया है। दूसरे पक्ष की जमुना देवी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कल्लू, लेखराज और हरदयाल को नामजद किया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपी नंद किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरहम पट्टी कराने के बाद गिरफ्तार कर लिया है।