टनकपुर हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार थाना दियोरियो कोतवाली के गांव बल्देवपुर निवासी सीता देवी की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका पति प्रमोद कुमार मामूली रूप से घायल हो गया। सूचना पर एसपी और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली दियोरिया के गांव बल्देवपुर निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी 26 वर्षीय सीता देवी बीमार रहती हैं। गुरुवार को वह बाइक से पत्नी को लेकर मझोला जा रहा था। टनकपुर हाईवे पर डीएम बंगले के सामने पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर एसपी अनिल कुमार सिंह व शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव और मामूली रूप से घायल पति प्रमोद को एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल भेजा। हादसे के बाद चालक कुछ दूर आगे जाकर ट्रक मौके पर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है। हादसे की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। मायके और ससुराल से रोते-बिलखते परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सड़क हादसे में घायल युवक की मौत
पीलीभीत। बुधवार की देर सायं छतरी चौराहा पर गन्ने से भरे ट्रक से कुचलकर घायल हुए मोहल्ला नईबस्ती निवासी 30 वर्षीय सौरभ जौहरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर परिवार वालों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। बरेली जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। जिस पर परिवार वाले शव लेकर वापस जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल सुनगढ़ी अतुल प्रधान ने बताया कि परिवार वालों ने घटना की तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। ट्रक पुलिस के कब्जे में है।