युवक ने शादी का झांसा देकर किशोरी से एक साल तक शारीरिक संबंध बनाए। इसके अलावा उसके 90 हजार रुपये भी आरोपी ने हड़प कर लिए। बाद में शादी करने का दबाव बनाने पर आरोपी ने धमकी देकर पीड़िता को भगा दिया। पुलिस ने पीड़ित किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी व उसके परिवारीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी नाबालिग बेटी से मोहल्ले का एक युवक शादी का झांसा देकर एक साल तक शारीरिक संबंध बनाता रहा। आरोपी ने अपने भाई की शादी का हवाला देकर किशोरी से 90 हजार रुपये भी ठग लिए। आरोपी के भाई की शादी होने के बाद जब किशोरी ने अपनी शादी का दबाव बनाना शुरू किया तो आरोपी ने दूरी बना ली। किशोरी ने आरोपी के परिवारीजनों से मामले की शिकायत की तो उन्होंने भी धमकी देकर भगा दिया। प्रभारी कोतवाल मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि आरोपी अय्या, भाई इकराम, अकरम, और मां चंदा बेगम के खिलाफ तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।