- नई परंपरा बताकर गांव के दूसरे पक्ष ने जताया विरोध
- सूचना मिलने पर सीओ पहुंचे, कराया शांत
गांव निवासी एक ग्रामीण के मकान में तरावी की नमाज पढ़े जाने को लेकर पंसोली गांव में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। गांव के दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने इसे नई परंपरा बताकर विरोध शुरू कर दिया। दोनों ओर से लोग इकठ्ठा होने लगे। इसकी सूचना मिलने पर सीओ जहानाबाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को सुना। घटना की जानकारी अफसरों को दी गई, जिसके बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पीएसी और पुलिस को तैनात किया गया है।
बता दें कि जहानाबाद थाना क्षेत्र के पंसोली गांव में पिछले साल से एक युवक के मकान में तरावीह की सामूहिक नमाज अदा की जा रही थी। इस बार सोमवार रात को तरावीह की सामूहिक नमाज वहां न पढ़कर गांव में ही एक दूसरे व्यक्ति के मकान पर कुछ लोग अदा करने लगे। इसका पता लगते ही गांव के दूसरे समुदाय के लोग एकजुट हो गए। पुराने स्थान से हटकर दूसरे मकान में नमाज पढ़ने को नई परंपरा बताकर विरोध शुरू कर दिया। दोनों ओर से काफी संख्या में लोग इकठ्ठा हो गए, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। चंद मिनटों में सीओ जहानाबाद जगत राम जोशी, एसओ भोला सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत कर जानकारी की गई। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई और निष्पक्ष कार्रवाई कर समाधान का भरोसा दिलाया गया, जिसके बाद मामला शांत कराया जा सका। पूरे मामले से एसपी को अवगत कराया गया। खुफिया विभाग की टीम ने भी पूरे मामले की जानकारी गांव जाकर की है। फिलहाल, गांव में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के लिहाज से पुलिस और पीएसी तैनात की गई है।
नमाज के लिए स्थाई तौर पर एक स्थान दिया जाना चाहिए। जहां सामूहिक तौर पर गांव के लोग नमाज अदा कर अल्लाह की इबादत कर सकें। प्रशासनिक अफसरों को इस ओर गंभीरता से समाधान कराना चाहिए।
- पुत्तन, पूर्व प्रधान
नमाज को लेकर कोई आपत्ति नहीं है। पहले से जिस स्थान पर नमाज होती आई है, वहीं पर अदा कराई जाए। नई परंपरा डालने पर विरोध है।
- सालिकराम, ग्रामीण
पंसोली गांव में एक पक्ष नए स्थान पर सामूहिक रूप से तरावीह की नमाज अदा करना चाह रहा था। जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया। तुरंत ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत करा दिया है। पहले से जहां नमाज अदा की जाती रही है, वहीं पर होगी। नई परंपरा डालने नहीं दी जाएगी। माहौल पूरी तरह से शांतिपूर्ण है, विवाद की कोई स्थिति नहीं है।
- अनिल कुमार सिंह, एसपी