पुराने विवाद के चलते सगे भाइयों ने गाली-गलौज के शक में एंबुलेंस चालक की सरे राह पिटाई कर दी। उसको एंबुलेंस से खींचकर बाहर लाए और पीटने लगे। हंगामे की सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। थाने में भी आरोपी पक्ष का एक युवक भिड़ता रहा। इसके बाद पुलिस ने दोनों को सख्ती से शांत कराया। दोनों पर शांतिभंग की कार्रवाई की जा रही है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के बार नवादा गांव के अवनीश कुमार पुत्र भरतवीर ने बताया कि वह निजी एंबुलेंस चलाता है। उसका किराए के मकान को लेकर पूर्व में सैजना न्यूरिया के सुरेंद्र से विवाद हो गया था। इसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही है। बुधवार दोपहर वह गांधी स्टेडियम रोड पर एक निजी अस्पताल के बाहर खड़ा था। फोन पर एक सवारी से बुकिंग की बात चल रही थी। इस दौरान उसने फोन पर गाली दी। आरोप है कि सुरेंद्र व उसके भाई ने गाली देते ही उसको पकड़ लिया और सरेराह पीटने लगे। इसमें पीड़ित के चोटें आईं। इधर, दूसरा पक्ष भी एंबुलेंस चालक पर बेवजह मारपीट का आरोप लगाता रहा। राहगीरों ने हंगामे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस सुरेंद्र व अवनीश को पकड़कर थाने ले आई। थाने पहुंचकर भी दोनों के बीच कहासुनी होती रही। इस पर पुलिस ने दोनों को सख्ती से शांत कराया। कस्बा इंचार्ज देवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों युवक सरेराह मारपीट कर रहे थे। दोनों का शांतिभंग में चालान किया जा रहा है।