मामूली कहासुनी पर बुधवार रात रुखसाना नाम की एक तीस साल की महिला की उसके देवर नन्हे बख्श ने कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी। घटना की रात मृतका का पति खेत पर धान की रखवाली करने गया था। सास व उसके छोटे बच्चे घर पर ही मौजूद थे। मृतका के पति फकरुद्दीन की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फकरुद्दीन ने बताया कि बुधवार रात घर से वह करीब 9.30 बजे जंगल किनारे स्थित अपने धान के खेत पर रखवाली के लिए गया था। उसके पिता नसीर अहमद, पड़ोस में स्थित अपने दूसरे घर में मौजूद थे। घर में पत्नी रुखसाना, छोटा भाई नन्हे बख्श और मां आमना बेगम मौजूद थीं। कुछ घरेलू मुद्दों को लेकर रुखसाना और नन्हे बख्श में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर नन्हे बख्श ने रुखसाना के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद मृतका की सास आमना बेगम ने बताया कि जब तक वह माजरा समझ पातीं, तब तक रुखसाना की मौत हो चुकी थी। घटना को अंजाम देने के बाद नन्हे बख्श भाग गया। सूचना मिलने पर मृतका का दूसरा देवर नसीर अहमद भी देर रात मौके पर पहुंच गया। उसी ने सेलफोन पर बीसलपुर के मोहल्ला ग्यासपुर में रह रहे मृतका के मायके वालों को सूचना दी। बृहस्पतिवार भोर में मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। कोतवाल सिकंदर सिंह यादव ने बताया कि मृतका के पति फकरुद्दीन की तहरीर पर नन्हे बक्स के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद से मृतका के सभी पांच बच्चों पुत्री चांदनी, परवीन, सरबीन, चांद बाबू और अफजल का रोते रोते बुरा हाल है। पुलिस ने हत्याकांड में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।