बदमाशों ने दिनदहाड़े दिया घटना को अंजाम
बैंक से वापस घर लौट रहे थे पीड़ित
बैंक से वापस घर लौट रहे किसान को बाइक सवार बदमाशों ने घेर लिया और तमंचा दिखाकर बैंक से निकाली गई दस हजार की धनराशि लूट ली। किसान की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया है। अभी घटना की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
थाना क्षेत्र के गांव मझलिया निवासी इश्त्यिाक अहमद सोमवार को दोपहर करीब दो बजे अमरिया स्थित बैंक से 10 हजार रुपये निकालकर साइकिल से घर जा रहे थे। वह कुछ दूर पहुचे ही थे कि पीछे से दो बाइकों पर आए चार युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि तमंचा दिखाकर उसके 10 हजार रुपये लूट लिए और धक्का देकर फरार हो गए। उन्होंने घटना की सूचना राहगीरों के माध्यम से घर वालों व पुलिस को दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर मौका मुआयना किया। एसओ रेहान खां ने बताया कि वह क्राइम मीटिंग में पीलीभीत आए हैं। घटना की जानकारी पर पुलिस भेजी गई थी। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।