घर से उपले थोपने खलिहान जा रही 17 वर्षीय दलित किशोरी को गांव का ही एक युवक गन्ने के खेत में खींच ले गया और उसके साथ दुराचार किया। मामला पुलिस के पास पहुंचने और समझौते का प्रयास विफल रहने पर आरोपी ने खुद थाने पर पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा है।
थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री मंगलवार की सुबह करीब सात बजे घर से गोबर लेकर गांव के बाहर बने खलिहान में उपले थोपने गई थी। जहां पर गांव का राजेश कुमार पहले से ही घात लगाए बैठा था। आरोप है कि राजेश कुमार ने पुत्री को दबोच लिया और उसे पड़ोस के गन्ने के खेत में खींचकर ले जाने के बाद उसके साथ दुराचार किया। हवस का शिकार बनाने के बाद आरोपी ने पुत्री को धमकी दी कि यदि उसने घटना किसी को बताई या रिपोर्ट दर्ज कराई तो वह उसे मार डालेगा। पिता के मुताबिक करीब एक घंटे बाद घर वापस लौटी पुत्री ने परिवार वालों को पूरी घटना बताई। जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। वह घटना के दिन ही थाना पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय आरोपी पक्ष को बुलाकर समझौता करने का प्रयास करने में जुट गई। उधर, समझौता न होने पर पुलिस ने बुधवार को पीड़िता के पिता की ओर से आरोपी के खिलाफ रेप, पाक्सो एक्ट और एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली। उधर एक परिचित के साथ थाने पहुंचे आरोपी राजेश कुमार ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। एसओ विवेक त्रिवेदी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपी के सरेंडर करने के बाबत पूछे जाने पर बोले, अभी लिखापढ़ी में नहीं लिया है।
रेप पीड़िता को मेडिकल के लिए पुलिस ने भेजा था, लेकिन एक्सरे आदि अभी न हो सका है। जिससे मेडिकल प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इसलिए अभी रेप के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है।
जवाहर, एसपी