लापता युवती का शव जंगल में पेड़ पर लटका मिला
करीब एक महीने से लापता युवती का सड़ा, गला शव जंगल में एक पेड़ पर लटका मिला। गांव के एक युवक ने शव देखने के बाद परिवारीजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। हालांकि मृतका के भाई ने आत्महत्या करने की बात कहकर किसी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। माधोटांडा थाना क्षेत्र के रामकोट कालोनी सिमरा ताल्लुके महाराजपुर निवासी मुनेंद्र राय ने बताया कि 26 अप्रैल को उनकी पुत्री 19 वर्षीय सुनीता राय का खाना बनाने को लेकर घर में विवाद हो गया था। इससे गुस्सा में युवती बिना बताए घर से निकल गई थी। वह देर शाम तक घर नहीं लौटी तो परिवार वालों ने तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। 30 अप्रैल को युवती के बड़े भाई कमलेश ने माधोटांडा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार दोपहर गांव एक युवक पड़ोस के जंगल से गुजर रहा था। तभी उसने पेड़ पर सुनीता का शव लटकता देखा। उसने इसकी फोन पर सूचना परिवार के लोगों को दी गई। इस पर कुछ ही देर में परिवारीजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जानकारी मिलने पर एसएचओ मनोज कुमार त्यागी भी जा पहुंचे। शव कई दिन पुराना होने से सड़ चुका था। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वयड को भी बुला किलया गया। इसके बाद पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर परिवार वालों से शिनाख्त कराई। पुलिस के पूछने पर परिवार वालों ने युवती के गुस्से में आत्महत्या करने की बात कहकर कार्रवाई से इनकार कर दिया। हालांकि पुलिस ने मौत की वजह जानने के लिए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।