टनकपुर हाइवे पर टांडा कालोनी के पास मिले अज्ञात शव की शिनाख्त करने में न्यूरिया पुलिस को सफलता मिली है। टांडा कालोनी के एक युवक के जरिए पुलिस ने मृतक के घरवालों का पता लगाया। अज्ञात शव खटीमा के सड़पुरा गांव के मजदूर का निकला है। घरवालों के आने पर पुलिस ने शव की पहचान कराई।
बतादें कि सोमवार सुबह न्यूरिया क्षेत्र में टांडा कालोनी के पास 48 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला था। अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए। इस दौरान टांडा कालोनी के एक युवक से पुलिस को मृतक के उत्तराखंड का होने की जानकारी मिली। पुलिस ने तत्काल खटीमा पुलिस से संपर्क किया। इस पर खटीमा क्षेत्र के सड़पुरा गांव से कई लोग न्यूरिया पहुंचे। पुलिस ने खटीमा से आए लोगों को शव के फोटो दिखाए। काफी देर बाद मृतक की शिनाख्त खटीमा के सड़पुरा के रहने वाले मजदूर बाबूराम पुत्र लालचंद के रूप में हुई। पूछताछ करने पर परिवारीजनों ने बताया कि दो दिन पहले मृतक के बेटे प्रदीप की शादी हुई थी। रविवार को विदा कराने के बाद वह सुबह तड़के घर से टहलने के लिए निकल आया था। इसके बाद से लापता हो गया था। मृतक के तीन बेटियां और चार बेटे है। एसओ दलवीर वर्मा ने बताया कि शव की शिनाख्त होने पर परिवारवालों के सुपुर्द कर दिया गया है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।