थाना सुनगढ़ी पुलिस ने गांव बांसखेड़ा निवासी कक्षा चार की छात्रा विशांग्या के मामले में उसके नाना चोखेलाल राजपूत की ओर से अज्ञात टेंपो चालक के खिलाफ अपहरण के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव बांसखेड़ा निवासी चोखेलाल राजपूत के मुताबिक उसकी पुत्री की पुत्री (नातिन) 10 वर्षीय विशांग्या स्प्रिंगडेल स्कूल में कक्षा चार की छात्रा है। 27 जुलाई को दोपहर करीब दो बजे स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपने कमरे पर जा रही थी। उसी बीच एक टेंपो सवार ने विशांग्या को टेंपो में बैठा लिया। विरोध करने और चिल्लाने पर आसपास के लोग आए तो चालक ने छात्रा को अपनी पुत्री बताया और कहा कि वह छत से गिर चुकी है। जिससे उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। यह कहकर वह छात्रा को लेकर चला गया। जंगल में किसी स्थान पर उसकी किताबें फेंक दीं और कहा कि पापा व नाना का मोबाइल नंबर बताओ और उनसे एक लाख रुपये मंगवाओ। जंगल निकलते ही सामने से आ रहे एक आदमी को देख चालक ने जब मोड़ने के लिए टेंपो धीमा किया। इसी बीच विशांग्या उतरकर ननिहाल बांसखेड़ा की ओर भागने लगी। गांव के समीप उसके मामा खेत में मिले तो उसने पूरी बात बताई। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि छात्रा के नाना ने शनिवार को थाना आकर तहरीर दी। जिस पर अज्ञात चालक के खिलाफ अपहरण के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।