गजरौला थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी ने अपने सौतेले पिता पर दुराचार करने और गर्भवती होने पर उसे जान से मारने का प्रयास भी किया गया। रिपोर्ट दर्ज न होने पर उसने एसपी कार्यालय में देकर कार्रवाई की मांग की है।
गजरौला थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय किशोरी ने एसपी कार्यालय में दिए पत्र में कहा है कि पिता की मौत हो जाने पर कई साल पहले मां ने गांव के ही एक अन्य व्यक्ति से धरौना कर लिया। कुछ दिनों बाद उसका सौतेला पिता उसे और मां को साथ लेकर काम करने बहेड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने लगा। आरोप है कुछ दिनों बाद सौतेले पिता ने मां को काम के बहाने गांव भेज दिया और अकेला पाकर उसके साथ दुराचार किया। उसने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। कुछ दिनों बाद गर्भवती होने पर उसने मां से शिकायत की। मां उसे बहेड़ी से लेकर गांव पहुंची। आरोप है पिता के साथ मिलकर मां उसे बहाने से खेत पर ले गई और जान से मारने की नीयत से उसका गला दबा दिया, लेकिन पड़ोस के खेत पर काम कर रहे लोगों ने चीख सुनकर उसे बचा लिया। किशोरी ने बताया कि उसने घटना की सूचना गजरौला पुलिस को दी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इस पर वह सोमवार को पुलिस लाइन पहुंची लेकिन एसपी के न मिलने पर उसने कार्यालय में तहरीर दी है। इस बाबत पुलिस अधीक्षक जेके शाही ने बताया जानकारी नहीं है। यदि तहरीर दी गई है तो रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।