चोरी कर बाइक से भाग रहे दो अपराधियों को सुनगढ़ी पुलिस ने धर दबोचा। इनके पास से चुराया गया मोबाइल और नगदी बरामद की गई। आपराधिक इतिहास खंगालने पर एक आरोपी शातिर अपराधी निकला, वहीं दूसरे की क्रिमिनल हिस्ट्री के लिए बरेली पुलिस से संपर्क साधा जा रहा है।
बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र सियापुरवा गांव निवासी ट्रक चालक तरगट सिंह रुद्रपुर से टंकी का सामान लेकर लखनऊ जा रहा था। शनिवार रात करीब दो बजे पूरनपुर रोड पर पेट्रोल पंप के पास खाना खाकर चालक केबिन में सो गया। इस बीच बाइक सवार दो युवक केबिन के भीतर घुसे। जेब में रखा चालक का मोबाइल फोन और पांच सौ रुपये की नगदी चोरी कर ली। दोनों युवक बाइक से भागने लगे। इस बीच पवन मोबाइल के सिपाहियों ने बाइकर्स को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने बाइक और तेज भगाना शुरू कर दिया। इसकी सूचना थाने पर वायरलेस के जरिए दी गई। जिसके बाद हाइवे पर गश्त कर रहे इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा भी टीम के साथ पहुंच गए। बाइक सवार दोनों युवकों ने असम चौराहे से बरेली हाइवे की ओर गाड़ी भगाई। इसके बाद नौगवां की ओर मुड़ गए, लेकिन गली आगे से बंद निकली। जिस पर पुलिस ने दोनों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से मोबाइल और रकम बरामद हुई। पुलिस के पूछने पर दोनों ने अपना नाम कोतवाली क्षेत्र के बड़ा गुरुद्वारा के पीछे वाली गली के रोहित कुमार और बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के तुलाशेरपुर निवासी देवेश कुमार बताया। ट्रक चालक के मोबाइल पहचानने पर पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई, जहां तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी रोहित पुराना बदमाश है। इसके ऊपर लूट, गैंगस्टर के करीब पांच मुकदमे दर्ज हैं। एक बार पांच हजार का ईनाम भी घोषित रह चुका है। दूसरा आरोपी इसका ममेरा भाई है। उसकी क्रिमिनल हिस्ट्री के लिए बरेली पुलिस से संपर्क किया गया है। ट्रक चालक की तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई कराई जा रही है।