अनियंत्रित गति से हरिद्धार से लखीमपुर को लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस असम हाइवे पर पलट गई। हादसे से श्रद्धालुओं में कोहराम मच गया। घायल एक दर्जन यात्रियों को सीएचसी लाया गया, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसा असम हाइवे पर रविवार को जराकोठी क्षेत्र में सुबह करीब सात बजे हुआ।
बस यात्री लखीमपुर खीरी के गांव नकहा निवासी रामपाल ने बताया कि गांव और आसपास के लोग बस से 29 अगस्त को हरिद्वार गए थे। हरिद्वार से ये लोग तीन सितंबर को बस से रवाना हुए थे। उन्होंने बताया कि पूरी रात बस चलने की वजह से सुबह के समय चालक को कई बार झपकी आई। इस पर उसे बस कहीं रोककर सो लेने को कहा गया, लेकिन चालक नहीं माना। उन्होंने बताया कि बस चालक को झपकी लगने पर ही बस पलट गई। हादसे से श्रद्धालुओं में कोहराम मच गया। हादसे में उसके अलावा सीतापुर के लहरपुर के सखनापुर निवासी हीरालाल, लखीमपुर खीरी के सीएचसी नकहा निवासी कमलेश, रेहनिया निवासी कन्हैयालाल, रेहनिया के ही बाबूराम, मूलचंद की पत्नी चमेली देवी, मटरिया ईशानगर निवासी राजू, खानेपर निवासी परशुराम, ग्वालापुरवा निवासी सियाराम आदि घायल हो गए। घायल एक दर्जन यात्रियों को सीएचसी लाया गया। उन्होंने बताया कि बस मेें 79 यात्री सवार थे। इसके अलावा कई को गुम चोटें भी आईं। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस से उन लोगों को सीएचसी लाया गया।