ट्यूशन पढ़ने जा रहे छात्र को दो युवकों ने रोक लिया। इसके बाद स्कूटी और मोबाइल फोन लूटने की कोशिश की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट भी की। युवक के शोर मचाने पर आरोपी भाग गए। पुलिस ने तहरीर मिलने पर घटना की नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
एलएच मिल कालोनी के रहने वाले अजय गर्ग ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा हर्षित बेनहर कालेज में कक्षा 11 का छात्र है। 18 जुलाई को स्कूटी से ट्यूशन पढ़ने मोहल्ला खकरा जा रहा था। एलएच मिल के सामने डाकखाने वाली गली में एक दोस्त से रुककर बातचीत करने लगा। इस दौरान एकता नगर कालोनी निवासी विक्की और सुमित आ गए। आरोप है कि इसके बाद स्कूटी की चाबी निकाल ली और जेब में रखा मोबाइल भी छीनने लगे। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। छात्र के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए। जिसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग गए। छात्र के पिता ने दो दिन बाद तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। जिस पर पुलिस ने घटना की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी विक्की की गिरफ्तारी कर ली गई है। दूसरे की धरपकड़ को दबिश दी जा रही है। उसे भी जल्द जेल भेजा जाएगा।