बुलंदशहर मार्ग पर फूटा अट्टा के पास दो कारों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई जबकि महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के पिता युसुफ ने थाने में कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
चंद्रपुरा निवासी युसुफ के अनुसार उसका पुत्र माजिद ग्राम मसूरी से शादी समारोह में भाग लेकर गांव लौट रहा था। गुलावठी की ओर से आ रही कार ने माजिद की कार में टक्कर मार दी। हादसे में माजिद की मौत हो गई जबकि कार में सवार आबिद पत्नी शमीम व ओसामा घायल हो गए। घायलों को दिल्ली के एक अस्पताल ले जाया गया है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली ने महिला को कुचला
बेटे के साथ अलीगढ़ लौट रही महिला को शिकारपुर बाइपास रोड पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को दिल्ली ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
अलीगढ़ के पिसावा थाना क्षेत्र निवासी मीना (38) पत्नी सलीम अपने बेटे सलमान के साथ गमी में शामिल होने सलेमपुर थाना क्षेत्र के चिट्टा गांव आई थी। बुधवार रात चिट्टा से बाइक से वापस अलीगढ़ जा रही थी। लौटने के दौरान शिकारपुर बाइपास रोड पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में महिला मीना बुरी तरह घायल हो गई। उसे परिजनों ने दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां बुधवार रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
छात्रा को ट्रक ने कुचला, काटना पड़ा पैरसिकंदराबाद/ककोड़ (ब्यूरो)। सड़क पार कर रही छात्रा को ट्रक ने कुचल दिया। परिजनों ने छात्रा को उपचार के लिए नोएडा के यथार्थ हास्पिटल में भर्ती कराया है। जहां छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया।
ग्राम नगला गोविंदपुर निवासी साबिर ने बताया कि उसकी बेटी अदीबा (6) गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा है। बुधवार सुबह वह स्कूल जा रही थी। स्कूल के सामने सड़क पार करते समय सिकंदराबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने अदीबा को कुचला दिया।
गंभीर हालत में अदीबा को उपचार के लिए नोएडा के यथार्थ हास्पिटल में भर्ती कराया गया। साबिर ने बताया कि बुरी तरह कुचल जाने के कारण डाक्टरों को अदीबा का एक पैर काटना पड़ा। वहीं, दूसरा पैर भी काफी कुचला हुआ है। अधिक खून बह जाने से अदीबा की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है। एसओ महेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
स्कूटी सवार दो को रौंदा, गंभीर
छतारी (ब्यूरो)। अलीगढ़-अनूपशहर रोड पर बृहस्पतिवार देर शाम अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार जिला अलीगढ़ के थाना मंडराक निवासी हरीश और उसके बहनोई डिबाई थाना क्षेत्र के गांव सतोही निवासी फकीरा को कुचल दिया।
गंभीर हालत में दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने दोनों अलीगढ़ रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष की ओर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।