क्षेत्र के एक गांव के एक युवक को दूसरी युवती से रिश्ता तय करना होली के दिन उस समय खासा महंगा पड़ गया, जब गांव की ही एक युवती शादी की जिद करने के लिए उसके घर आ धमकी। शादी का झांसा देकर युवक पर अवैध संबंध बनाने का न केवल उसने आरोप लगाया बल्कि शादी न करने पर रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी तक डे डाली। जिसके चलते युवक को शनिवार शादी करनी पड़ गई।
हुआ यूं कि गांव निवासी एक युवक का पड़ोस की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी दौरान युवक का दूसरी युवती के साथ रिश्ता तय हो गया। इसकी जानकारी जब उसकी प्रेमिका को हुई तो वह शुक्रवार को होली के दिन उसके घर जा धमकी। चीख-चीख कर शादी करने की जिद करने लगी। इतना ही नहीं उसने युवक पर शादी का झांसा देकर अवैध संबंध बनाए जाने का आरोप भी लगाया और शादी न करने पर रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी भी दी। उधर गांव वालों की सूचना पर वे लोग भी आ गए जो कुछ दिन पहले ही अपनी बेटी का रिश्ता तय करके गए थे। उन लोगों ने रिश्ता तोड़ने के साथ ही रोक के वक्त दी गई बाइक और नगदी वापस करने को कहा। बताते हैं कि पहले तो इंकार किया लेकिन मामला जब थाने पहुंचा तो वर पक्ष सामान लौटाने को तैयार हो गया। उधर कार्रवाई के डर से युवक ने शनिवार अपनी प्रेमिका के साथ सात फेरे ले लिए। एसओ राजेश यादव ने बताया कि मामले की सूचना मिली थी, लेकिन किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी जिस कारण र्कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। उन्होंने युवक द्वारा अपनी प्रेमिका के साथ शादी कर लेने की भी पुष्टि की।