समाधान दिवस में गैरहाजिर राजस्व कर्मियों की मांगी रिपोर्ट
- फोटो : पीलीभ्ाीत/उत्ततर प्रदेश्ा
समाधान दिवस में गैर हाजिर रहने वाले राजस्व कर्मचारियों पर कार्रवाई कराई जाएगी। एसपी सभाराज ने थानाध्यक्षों से लापरवाह कर्मियों की सूची मांगी है। इसकी रिपोर्ट तैयार कर डीएम को भेजी जाएगी। कोतवाली थाने में जन सुनवाई के साथ ही एसपी ने परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं भी परखी। गंदगी मिलने पर सुधार के सख्त निर्देश दिए।
शनिवार को शासन के निर्देश पर जिले के समस्त थानों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सुबह दस से दोपहर दो बजे तक राजस्व टीम के साथ थानों पर पुलिस ने शिकायतों के निस्तारण के प्रयास किए। सुनगढ़ी थाने में इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा रहे। कुल तीन शिकायतें सामने आई, जिसमें से एक का निस्तारण कराया जा सका। न्यूरिया थाने में सीओ बीपी सिंह, इंस्पेक्टर मोहम्मद कासिम ने लोगों को सुना और कार्रवाई की। इधर शहर कोतवाली में एसपी सभाराज समाधान दिवस पर पुलिस की मुस्तैदी का आंकलन करने पहुंचे। सर्वप्रथम उन्होंने परिसर का निरीक्षण किया। इसमें सीज वाहनों के बेतरतीब खड़े मिले। थाने के कोनों और छत पर गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। जर्जर इमारत के सुधार के लिए स्टीमेंट बनाकर भेजने को कहा। इसके अलावा नियमानुसार सीज वाहनों को डिस्पोज करने के सख्त निर्देश दिए गए। समाधान दिवस के रजिस्टर को चेक किया। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े मामले जोकि तहसील दिवस में पुलिस को मिले है। उनके निस्तारण के लिए समाधान दिवस के दिन भी लेखपालों की मौजूदगी में टीम भेजकर कार्रवाई कराई जाए। गैर हाजिर रहने वाले राजस्व कर्मचारियों की सूची मांगी। कोतवाल इंद्र सिंह को फरियादियों की समस्या के तवरित समाधान के सख्त निर्देश दिए। एसपी सभाराज ने कहा कि समाधान दिवस में राजस्व कर्मचारियों के गैर हाजिर रहने की जानकारी मिली है। ऐसे में उनकी सूची मांगी गई है। सूची मिलने पर डीएम को रिपोर्ट भेजकर कार्रवाई कराई जाएगी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र के थानों में भी समाधान दिवस में आने वाले फरियादियों का टोटा रहा।