रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) मुंबई का मैनेजर बताकर एक जालसाज ने पुलिस लाइन में तैनात सिपाही रामप्रकाश से एटीएम कार्ड नंबर व पासवर्ड पूछ लिया और उसके खाते से 80 हजार रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली। सिपाही ने घटना की तहरीर शहर कोतवाली पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
पुलिस लाइन में तैनात सिपाही रामप्रकाश ने बताया कि उनका खाता शहर की एसबीआई बैंक शाखा में है। इसी खाते में उसकी तनख्वाह भी आती है। खाते में एक लाख 20 हजार 568 रुपये थे। छह जनवरी की सुबह करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह मुंबई आरबीआई से मैनेजर राहुल शर्मा बोल रहा है। जब उन्होंने कालकर्ता से कहा कि बताइए क्या बात है? तो उसने कहा कि उसका (सिपाही का) एटीएम कार्ड बंद हो गया है। इस पर उन्होंने उससे कहा कि वह बैंक में जाकर पता कर लेते हैं, लेकिन जालसाज ने झांसे में लेकर उनसे एटीएम कोड और पासवर्ड पूछ लिया और उसी दिन उसके खाते से 80 हजार रुपये की ऑनलाइन खरीददारी कर ली। वह जब शाम को एटीएम चेक किया तो तो देखा कि खाते से 80 हजार रुपये गायब थे। इस पर वह बैंक पहुंचे और घटना की सूचना दी।
पीड़ित सिपाही ने घटना की तहरीर शहर कोतवाली पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। शहर कोतवाल देवराज राठी ने बताया कि उन्हें अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।