कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर हुई वारदात
कोतवाली से मात्र सौ मीटर की दूरी पर चोर छह दुकानों के ताले तोड़कर चोर हजारों का सामान समेट ले गए। सोमवार देर रात चोरों ने पहली वारदात गुप्ता मिष्ठान भंडार में अंजाम दी। यहां ताले तोड़कर चोर 18 हजार रूपये की नगदी समेट ले गए। इसके बाद राजू की जूस की दुकान से साढ़े तीन हजार रूपये की नगदी उड़ाई। प्रेमपाल के खोखे से साढ़े तीन और जोशी टी स्टाल से पांच सौ रूपये की नगदी ताले तोड़कर ले गए। मंगलवार सुबह दुकान पहुंचने पर सामान बिखरा देख पीड़ितों के होश उड़ गए। कुछ ही देर में आसपास के दुकानदार जमा हो गए और घटना को लेकर पुलिस की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। घटना पर पुलिस को लापरवाह तो ठहराया गया, लेकिन तहरीर पुलिस को नहीं दी गई।
पीएचसी और महाविद्यालय में भी चोरों ने दी दस्तक
पूरनपुर। चोरों ने पूरनपुर में भी जमकर उत्पात मचाया। जटपुरा पीएचसी में देर रात चोर स्टोर रूम की खिड़की का सरिया तोड़कर भीतर घुसे। इसके बाद स्टोर रूम में रखी दवाईयां और चादरें चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह फार्मासिस्ट अनिल कुमार मिश्रा को जानकारी हुई तो स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह पहुंचे। जिसके बाद तहरीर पुलिस को दी गई। इधर गन्ना कृषक महाविद्यालय में घुसकर चोरों ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राजाराम का मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इसके बाद कमरों के ताले तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन असफल रहे। मंगलवार को सीसीटीवी फुटेज चेक की गई। जिसमें चोरों की पूरी करतूत कैद मिली। घटना की सूचना प्राचार्य डॉ. एसके शर्मा ने कोतवाली पुलिस को दी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। प्रभारी कोतवाल मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।