बाघ की हत्या मामले में वन विभाग द्वारा चलाया जा रहा धर पकड़ अभियान जारी
है। इस मामले में वांछित चल रहे एक अन्य युवक को वनकर्मियों ने सोमवार को
हरीपुर रेंज के धनाराघाट मार्ग पर शिकार की तलाश में घूमते समय पकड़ने का
दावा किया है। वनकर्मियों ने उसके कब्जे से एक खाबर (जाल)भी बरामद होने की
बात कही है। उधर, बाघ की ही हत्या मामले में फरार चल रहे एक अन्य शिकारी ने
न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसी के साथ बाघ हत्या के मामले में जेल
जाने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
वनकर्मियों ने बताया कि गश्त
के दौरान हरीपुर रेंज के स्टाफ को कुछ शिकारियों के घूमने की सूचना पर
गश्ती टीम ने उसकी तलाश शुरू की। इस पर धनाराघाट मार्ग पर उन्हें कुछ लोग
दिखे। टीम के घेरने पर तीन भाग गए जबकि एक को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर
उसके पास एक जाल बरामद हुआ।
पूछताछ में उसने अपना नाम श्यामलाल पुत्र
मोहनलाल निवासी मिलिट्री फार्म सिंघाई संपूर्णानगर खीरी बताया, जबकि उसके
फरार साथी हजारा क्षेत्र के ग्राम नहरोसा निवासी रिजवान, मुस्ताक और
मुख्त्यार हैं। श्यामलाल के खिलाफ केस काटकर जेल भेज दिया गया है। उधर, बाघ
की हत्या मामले में फरार चल रहे मैनाकोट के राकेश कुमार ने मंगलवार को
न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया है।
एसडीओ
डीपी सिंह ने बताया कि पकड़ा गया शिकारी श्यामलाल और कोर्ट में हाजिर हुआ
राकेश कुमार बाघ की हत्या के मामले में भी वांछित थे।