एक शोहदे ने घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर युवती के कपड़े फाड़ डाले। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हुए तो शोहदा धमकी देकर भाग गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरखेड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाली करीब 22 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि बुधवार को वह घर में अकेली थी। उसके माता -पिता खेत पर गए थे। दोपहर करीब तीन बजे उसके घर में गांव का ही मोहित उर्फ गुड्डू घुस गया और गालियां देते हुए युवती को पकड़कर अश्लील हरकतें करने लगा। इसका विरोध करने पर आरोपी मोहित ने युवती के कपड़े फाड़ दिए। युवती के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण पहुंच गए। लोगों को इकट्ठे होते देख आरोपी धमकी देकर भाग गया। इसकी सूचना मिलने पर यूपी 100 डायल गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दूसरे दिन बृहस्पतिवार को पीड़ित युवती ने पिता के साथ थाने जाकर नामजद तहरीर दे दी। इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि आरोपी मोहित के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है।