नशे में धुत गांव सुहास निवासी सत्यपाल जाटव पूरे गांव में रविवार शाम फावड़ा लेकर आतंक मचाता रहा। उसने एक-एक कर दो महिलाओं समेत सात लोगों को फावड़े से प्रहार कर घायल कर दिया। घायल महिला रामवती के पति नन्हें लाल ने आसपास के लोगों के साथ मिलकर उसे बमुश्किल काबू में किया और पकड़कर सुहास चौकी पुलिस को सौंप दिया। आरोपी ने पुलिस के साथ भी हाथापाई करने की कोशिश की। इतना ही नहीं पुलिस अभिरक्षा में अचानक चलती जीप का स्टीयरिंग मोड़ दिया। इससे जीप अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा घुसी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव निवासी सत्यपाल रविवार को नशे में धुत था। रात करीब साढ़े आठ बजे वह फावड़ा लेकर गांव में निकला और रास्ते में मिलने वाले लोगों पर हमला करने लगा। हमले में गांव निवासी 45 वर्षीय रामवती, उनका पुत्र 25 वर्षीय सूरजपाल, 60 वर्षीय कालीचरन, उनका बेटा अशोक कुमार, राकेश, सूरजपाल, थाना सुनगढ़ी के गांव भिलैया निवासी विनोद घायल हो गए। इससे गांव में हड़कंप मच गया। घायल रामवती के पति नन्हें लाल ने आसपास के लोगों की मदद से आरोपी को बमुश्किल दबोचा। बाद में उसे सुहास पुलिस चौकी पर ले गए, जहां आरोपी ने पुलिस के साथ भी हाथापाई करने की कोशिश की। सूचना पर गजरौला पुलिस पहुंची और आरोपी को जीप में बैठाकर थाना ले जाने लगी। रास्ते में सत्यपाल ने जीप की स्टीयरिंग पकड़कर मोड़ दी। इससे जीप अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा घुसी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, रामवती और राकेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।