भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने खड्डा के तहसील में सोमवार को पंचायत लगाई।
- फोटो : अमर उजाला
खड्डा। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने खड्डा के तहसील में सोमवार को पंचायत लगाई। 11 मांगों को लेकर चली पंचायत के छह घंटे बाद नायब तहसीलदार पहुंचे। उन्होंने सभी मांगाें को पूरा कराने का आश्वासन दिया, जिस पर पंचायत समाप्त हो गई।
भाकियू नेता ध्रुवनारायण यादव और लक्ष्मीना देवी की अगुवाई में कार्यकर्ता 11 मांगों को लेकर सोमवार को खड्डा तहसील परिसर में एकत्र हुए और पंचायत शुरू कर दी।
इनकी मांग थी कि तहसील क्षेत्र के सभी पात्र लोगों को अंत्योदय और बीपीएल राशनकार्ड दिलाया जाए, गांवों में खुली बैठक कराई जाए, समाजवादी पेंशन का लाभ पात्र व्यक्तियों को दिया जाए, अग्निपीड़ितों को जल्द मुआवजा दिया जाए।
करदह में जमीन के विवाद में हुई वृद्ध की हत्या के मामले में घोषित मुआवजा राशि पीड़ित परिवार को दिलाई जाए। इस तरह की 11 मांगों को लेकर यह पंचायत छह घंटे तक चली। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार रामनाथ के आश्वासन पर पंचायत समाप्त हुई।
उन्हाेंने मांगाें को शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान हलुअंता देवी, सोबरन सिंह, रामवेलास गुप्ता, आत्मा, ज्ञांती देवी, श्यामसुंदर, राजेंद्र, रंभा देवी, इरशाद सहित कई लोग मौजूद थे।