सीओ कार्यालय में पुत्र के साथ फरियाद लेकर पहुंचे वृद्ध के पास से पुलिस ने लोड तमंचा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी सेहरामऊ उत्तरी थाना के गांव निजामपुर निवासी होरीलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव निजामपुर निवासी एक युवक पर उसके ससुरालियों ने जान लेवा हमला किया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की। बुधवार को आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर युवक अपने पिता के साथ सीओ कार्यालय पहुंचा था। वृद्ध के बार-बार गोट संभालने पर सीओ को शक हुआ। इस पर सीओ ने पुलिस बुलाकर उसकी जामा तलाशी कराई तो उसके कब्जे से लोड तमंचा बरामद हुआ। कोतवाली पुलिस ने वृद्ध के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ कार्यालय में तमंचा लेकर वृद्ध के पहुंचने का मामला पुलिसकर्मियों के अलावा अन्य में चर्चा का विषय बना रहा। सीओ बीपी सिंह ने बताया कि तमंचा लेकर वृद्ध कार्यालय की ओर आ रहा था। जिसे तमंचा सहित कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया। एसएसआई एमएस विष्ट ने बताया कि होली लाल को ब्लाक रोड पर एक बारात घर के समीप से लोड तमंचा और कारतूस समेत गिरफ्तार किया गया है।