शनिवार शाम घर से गए खाई खेड़ा निवासी 50 वर्षीय बाबूराम का शव सुबह को गांव में घर से कुछ दूरी पर पड़ा मिला। वहीं शव के निकट शराब की खाली बोतल पड़ी थी। गले पर रगड़ का निशान था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। हालांकि मृतक के बेटे ने पुलिस को दी तहरीर में अधिक शराब पीने से मौत होने की बात कही है। खाईखेड़ा निवासी बाबूराम शराब पीने का आदी था। शनिवार शाम वह घर से गया, जिसके बाद नहीं लौटा। रविवार सुबह घरवालों ने घर से कुछ दूरी पर बाबूराम का शव पड़ा देखा। इसी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं शव के पास ही अंग्रेजी शराब की एक खाली बोतल पड़ी थी। गांव वाले बाबूराम की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त कर रहे थे। वहीं मृतक के पुत्र अजय ने पुलिस को दी तहरीर में शराब पीने से मौत होना बताया है। गांव में शव मिलने, गले पर निशान होने और शराब की बोतल मिलने पर पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। हकीकत जानने को पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। बाबूराम के परिवार में पत्नी उर्मिला के अलावा दो बेटे राजवीर व अजय, दो बेटियां सुमन और प्रीति हैं। राजवीर सिकंदरावाद में नौकरी करता है। एसओ मोहम्मद कासिम ने बताया कि बाबूराम शराब पीने का आदी था। घर वाले भी शराब पीने से मौत मान रहे हैं। फिर भी शक के आधार पर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।