पकड़िया स्थित शराब भट्ठी पर मौजूद सेल्समैन के हाथ से 45 हजार रुपये से भरा थैला दो लुटेरों ने छीन लिया और भागने लगे। शोर होने पर जब आसपास के लोगों ने दौड़ाया तो लुटेरे थैला फेंककर भाग निकले। घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को नहीं दी गई है।
बरेली जिले के थाना व कसबा नवाबगंज निवासी विनय कुमार ने बताया कि वह शहर कोतवाली पीलीभीत के मोहल्ला बागगुलशेर खां में स्थित शराब की दुकान पर सेल्समैन है। मंगलवार की रात वह अशोक कॉलोनी स्थित गोदाम पर बिक्री के 45 हजार रुपये जमा करने जा रहा था।
इसी बीच मोहल्ला पकड़िया स्थित दुकान के सेल्समैन अरविंद कुमार का फोन आया। अरविंद ने कहा कि उसकी तबियत खराब है और उसका पैसा भी ले जाकर जमा कर दो।
इस पर वह पकड़िया स्थित दुकान पर पहुंचा। रात करीब 10.30 बजे दो युवक आए और 45 हजार रुपये से भरा थैला छीनकर भागने लगे। शोर करने पर आसपास के लोगों ने दोनों को दौड़ा लिया।
इस पर लुटेरे कुछ दूर थैला फेंककर भाग निकले। उसने घटना की सूचना मोबाइल से पुलिस को दी। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लुटेरों की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को नहीं दी है। शहर कोतवाल संग्राम सिंह का कहना है कि लूट की कोशिश नहीं हुई है। शराब भट्ठी पर गिलास को लेकर मारपीट हुई है। घटना की तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।