बरखेड़ा के एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव मकान से तीन सौ मीटर की दूरी पर एक खेत में शीशम के पेड़ से लटका मिला। बुधवार सुबह सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। बरखेड़ा कस्बे के वार्ड नंबर एक के निवासी रामपाल का बीस वर्षीय पुत्र रामपाल मजदूरी करता है। बुधवार सुबह उसका शव मकान के पास एक खेत में शीशम के पेड़ पर लटका मिला। शव रस्सी का फंदा बनाकर लटका हुआ था। ग्रामीणों से मिलने पर घर वाले मौके पर पहुंचे। शव लटकता देख उनके होश उड़ गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर बरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को ग्रामीणों की मदद से नीचे उतरवाया गया। घर वालों से जानकारी की गई। जिसके बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ससुराल वालों से हुई थी झड़प
मंगलवार को मृतक के बेटे का नामकरण संस्कार कार्यक्रम था, जिसमें गजरौला से उसके ससुराल वाले भी आए हुए थे। इस दौरान रीति रिवाज को लेकर सुसराल वालों से उसकी कहासुनी हुई थी। आरोप है कि ससुरालियों ने जमकर ताने मारे थे, जिससे वह आहत था। ऐसे में उसने आहत होकर आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या की गई। दोनों ही बातों पर पुलिस की जांच जारी है। फिलहाल, आत्महत्या से जुड़े तथ्य निकलकर सामने आ रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ससुराल वालों के खिलाफ आत्महत्या को विवश करने की तहरीर मिली है। जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
- ओमहरि बाजपेई, एसओ बरखेड़ा