अवैध संबंधों में बाधक पति की जहर देकर हत्या
अवैध संबंधों में बाधक बनने पर गांव सिमरिया ताल्लुके अजीतपुर बिल्हा निवासी धनपाल (27) की जहर देकर हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र के ग्राम सिमरिया ताल्लुके अजीतपुर बिल्हा निवासी धनपाल मजूदरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी शादी दस साल पहले पुन्नापुर गांव की रहने वाली मीरादेवी से हुई थी। जिससे उसको दो बच्चे प्रियांशी (8), प्रियांशु (4) हैं। वह अपने परिवार के साथ रहता था। उसकी मां व अन्य परिवारीजन नजदीक ही दूसरे मकान में रहते थे। शुक्रवार सुबह धनपाल की मौत का पता लगने पर परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद मां सरोजनी देवी ने मृतक की पत्नी मीरादेवी पर अपने प्रेमी गांव के ही सुशील के साथ मिलकर मजदूर की जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया। इसके पीछे दोनों के बीच चल रहे अवैध संबंध को कारण बताया। सूचना पर चौकी प्रभारी इंद्रजीत सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव कब्जे में लेकर मौजूदा लोगों से मामले की जानकारी की गई। जिसके बाद मां से मिली तहरीर पर पत्नी व सुशील के खिलाफ जहर देकर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।