फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लूटा ट्रक दूसरे ट्रक से भिड़ा, दो मरे

Fri, 18 Mar 2016 11:37 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पीलीभीत
विज्ञापन
हादसा - फोटो : pilibhit, beureu
विज्ञापन
असम हाइवे पर खड़े चावल भरे ट्रक के चालक को बदमाशों ने पहले शराब पिलाई। ड्राइवर के नशे में होने के बाद उसे ट्रक में ही डाल लिया और ट्रक लूटकर भागने लगे। टेलीफोन एक्सचेंज के पास तेज रफ्तार ट्रक की सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक में सवार दो आरोपियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मूल ट्रक चालक समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से डॉक्टर ने एक युवक को बरेली रेफर कर दिया। पुलिस ने गांव पिपरिया दुलई निवासी चौकीदार लालाराम की ओर से हादसे की रिपोर्ट दर्ज की है। मृतकों में एक की शिनाख्त पूरनपुर कोतवाली के मोहल्ला कायस्थान निवासी अमित और दूसरे की मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी संजीव के रूप में हुई है। 
विज्ञापन

जिला अस्पताल में भर्ती गांव वीरखेड़ा निवासी ट्रक चालक रामू ने बताया कि वह जमुनिया स्थित एक राइस मिल से चावल भरकर रंपुरा स्थित एफसीआई गोदाम में उतार कराने गया था। बृहस्पतिवार की शाम पहुंचने के कारण चावल उतार बंद हो चुका था, जिस पर उसने घुंघचाई रोड स्थित गन्ना कृषक महाविद्यालय के समीप ट्रक को खड़ा कर दिया और खिड़की को लॉक कर ट्रक में ही सो गया। ट्रक चालक का कहना है कि रात करीब 12.07 मिनट पर पूरनपुर कोतवाली के मोहल्ला कायस्थान निवासी अमित अपने तीन साथियों के साथ आया और खिड़की खुलवाकर ट्रक के केबिन में आ गया। तीनों आरोपियों के पास छह पौवा शराब के थे। तीनों युवकों ने उसे पहले शराब पिलाई। दो बार पड़ोस में स्थित एक ढाबे से मीट मंगवाकर साथ में खाया। बाद में नशे में होने पर उसकी पिटाई कर ट्रक में ही बांधकर डाल लिया और ट्रक लेकर चल दिए। बताते हैं कि रात करीब ढाई बजे आसाम हाइवे पर टेलीफोन एक्सचेंज के आगे जिंद बाबा की मजार के पास तेज रफ्तार ट्रक सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से टकरा गया, जिससे ट्रक के परखचे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त लूटे गए ट्रक (डीएलजीबी 1779) में फंसे चारों लोगों को मुश्किल से निकाला और उन्हें सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टर ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि ट्रक चालक रामू सहित दो लोगों की गंभीर हालत होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया। जहां डॉक्टर ने पंकज कॉलोनी निवासी घायल उमेश की हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया। पुलिस ने गांव पिपरिया दुलई निवासी चौकीदार लालाराम की ओर से हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, पुलिस मृतकों की शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है। इसी बीच मोहल्ला कायस्थान के रामकुमार की बेवा माया देवी ने सीएचसी पहुंचकर एक शव की शिनाख्त अपने देवर 25 वर्षीय अमित के रूप में की, जबकि मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी नंदराम ने दूसरे शव की शिनाख्त अपने पुत्र संजीव के रूप में की है। 
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ट्रक स्वामी मोहल्ला कायस्थान निवासी रामनिवास गुप्ता को सुबह करीब चार बजे किसी ने उसके मोबाइल पर ट्रक हादसे में क्षतिग्रस्त होने की सूचना दी थी।  
विज्ञापन


ट्रक लूट की जानकारी ट्रक मालिक आदि ने अभी तक नहीं दी है। ट्रक मालिक ने ट्रक को घुंघचाई रोड पर आढ़त के सामने खड़े होने की जानकारी दी थी। ट्रक आसाम रोड पर कैसे पहुंचा? यह जांच का विषय है। ट्रक मालिक ने हादसे और उसकी सूचना सुबह चार बजे ट्रक मिलने की तहरीर दी है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
- शक्ति सिंह, इंस्पेक्टर

घटना में मरे और घायल चारों हैं ट्रक चालक
घटना में मौत के मुंह में समाए दोनों युवक और घायल दोनों युवक ट्रक चालक बताए जा रहे हैं। चारों शाम को घुंघचाई रोड पर एक साथ देखे गए थे। इसमें से मौत के मुंह में समाए एक ट्रक चालक ने बदायूं में चीनी से भरा ट्रक भी लूटा था। घटना पर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी और उसे जेल भी जाना पड़ा था। 

युवकों की मौत की सूचना पर मचा कोहराम
मोहल्ला कायस्थान निवासी अमित अपने तीन भाईयों में छोटा था। उसके सबसे बड़े भाई रामकुमार की करीब आठ साल पहले मौत हो गई थी। करीब चार साल पहले उसके मझले भाई कपिल की मौत हुई। रामकुमार की विधवा और उसके तीन बच्चे और अमित एक साथ ही परिवार में रहते थे। अमित की मौत की सूचना पर उसके परिवार में कोहराम मच गया। अपरान्ह करीब बारह बजे दूसरे शव की शिनाख्त संजीव के रूप में हुई। तब उसके परिवार वालों में भी कोहराम मच गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें