मोहल्ला ग्यासपुर निवासी चांद मोहम्मद के 18 वर्षीय पुत्र नईम की बुधवार सुबह करंट लगने से मौत हो गई। घटना से मृतक के घर में कोहराम मचा है।
ग्यासपुर निवासी जान मोहम्मद ने बताया कि उनका छोटा भाई 18 वर्षीय नईम बुधवार को मोहल्लेे के ही एक व्यक्ति के निर्माणाधीन घर में मजदूरी करने गया था। घर का दूसरी मंजिल पर लिंटर डालने की तैयारी चल रही थी। सुबह लगभग आठ बजे नईम काम करते समय घर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवीए बिजली लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से नईम बुरी तरह झुलस गया। करंट के झटके से वह नीचे सड़क पर आ गिरा। घटना से आसपास हड़कंप मच गया। उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर घरवाले भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के पिता चांद मोहम्मद, मां रेहाना बेगम, भाई जान मोहम्मद, जहूर, सलीम, फईम, बहन जैनब और शैला का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। तहसीलदार नन्हेलाल ने मृतक के घर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घरवालों को शव का पोस्टमार्टम कराने का सुझाव दिया ताकि उन्हें अनुमन्य सरकारी सहायता दिलाई जा सके। हालांकि घर वालों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को सुपुर्दे खाक कर दिया।