युवक के छेड़छाड़ करने पर महिला ने सरेआम थप्पड़ जड़ दिया। इससे बौखलाया शोहदा गुंडई पर उतर गया। उसने तीन साथियों संग महिला के घर में हमलाकर मारपीट की। महिला और उसके पति घर की छत पर भागकर खुद को बचाया। फिर हमलावरों ने घर का सामान सड़क पर फेंक दिया और चारपाई में आग लगा दी। पड़ोसियों के जमा होने पर हमलावर धमकी देकर भाग गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस हमलावरों के पकड़ने के बजाय मामले को झुठलाने में जुटी रही। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की काशीराम आवास कालोनी ट्रांसपोर्टनगर निवासी एक युवक बैल्डिंग की दुकान पर काम करता है। पिछले कई दिनों से उसकी पत्नी को बाल्मीकि बस्ती का एक युवक परेशान कर रहा है। सोमवार देर शाम उसकी पत्नी दवा लेकर अपने घर लौट रही थी। घर के पास पहुंचने पर आरोपी युवक ने महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने गुस्से में आकर युवक के थप्पड़ जड़ दिया। उस समय आरोपी चुपचाप चला गया। कुछ देर बाद तीन साथियों को लेकर दुबारा पहुंचा और महिला के घर हमलाकर मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों से खुद को बचाने के लिए दंपति छत पर भाग गए। तभी हमलावरों ने घर का सामान सड़क पर फेंक दिए। कमरे में रखी कुप्पी का तेल उलटकर चारपाई को आग लगा दी। हंगामा सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद हमलावर धमकाते हुए भाग गए। इसकी सूचना पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर दी। करीब पंद्रह मिनट के बाद यूपी 100 डायल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। कुछ देर में सुनगढ़ी पुलिस गई। मगर हमलावरों को पकड़ने के बजाय पुलिस वाले टालमटोल करने लगे। इस घटना के बाद से कालोनी वाले दहशत में हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था। मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश सुनगढ़ी पुलिस को दिए गए है। -
अनुराग दर्शन, सीओ सिटी