सोमवार से लापता हुआ फुरकान का नग्नावस्था में शव मंगलवार की सुबह को हरदोई ब्रांच नहर पटरी से बाइफरकेशन को जाने वाले रास्ते पर झाड़ियों में मिला था। शव पर धारदार हथियार के गहरे जख्म थे। शव की शिनाख्त आदि न होने पर पुलिस ने गांव उदयकरनपुर निवासी किसान जगमोहन की ओर से अज्ञात हत्यारों के खिलाफ हत्या कर साक्ष्य मिटाने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बुधवार को कोतवाली पहुंचे फुरकान के मामा पूरनपुर देहात के मोहल्ला अहमदनगर निवासी अकील अहमद ने शव की शिनाख्त फुरकान के रूप में की थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को उसके परिवार वालों को सौंप दिया था। बृहस्पतिवार को पुलिस की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, फुरकान की मां ने बृहस्पतिवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।