गांव बांसखेड़ा निवासी घायल रिजवान ने बताया कि उसकी गांव मुंडलिया गौसू में टायर पंचर जोड़ने की दुकान है। हफ्ते भर पहले पैसे के लेनदेन को लेकर उसकी गांव हेतमडांडी निवासी एक युवक से कहासुनी हो गई थी। इससे आरोपी नाराज था और देख लेने की धमकी दी थी। रविवार की सायं करीब पौने आठ बजे वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर आ रहा था। गांव हेतमडांडी के पास बाइक समेत खड़े तीन युवक खड़े थे। उसमें से एक युवक ने उसकी बाइक रोकने की कोशिश की। खतरा भांपते हुए बाइक की उसने गति बढ़ा दी। इसी बीच उस पर युवकों ने गोली चला दी। गोली उसके बाएं पैर और कूल्हे पर जा लगी। जिससे वह घायल होकर बाइक समेत गिर गया। गोली चलने की आवाज और शोर शराबे पर तमाम लोग मौके पर आ गए। जिस पर आरोपी भाग निकले। उसने एक आरोपी को पहचान लेने का दावा किया है। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंची। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ रेहान खा ने बताया कि घायल और उसके परिवार के लोग पैसे को लेकर हुए विवाद में घटना को अंजाम देने की बात कह रहे हैं। अभी पुलिस को घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।