गांव रूपपुर कृपा निवासी गेंदनलाल का पुत्र प्रियांशु 21 नवंबर की शाम चार बजे घर के बाहर से लापता हो गया था। तीसरे दिन उसका शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। उसका कान हल्का सा कुतरा हुआ था। पुलिस जानवरों द्वारा कान कुतरना मान रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत गला घोटकर होने की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने पिता की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी थी। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने थाना बरखेड़ा के गांव पिपरिया मंडन निवासी पप्पू उर्फ दुर्गेश को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तो उसने दिल दहला देने वाला सनसनीखेज खुलासा किया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि हत्यारोपी पप्पू कई वर्षों से अपनी पत्नी को छोड़कर गांव रूपपुर कृपा में मृतक के घर के पास किराए के मकान में रहता था। उसके गांव की ही एक महिला से अवैध संबंध हो गए थे। करीब 25 साल से महिला को बच्चे नहीं हो रहे थे। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक पप्पू को थोड़ी बहुत तंत्र साधना की जानकारी थी। उसने प्रेमिका से तंत्र साधना से किसी बच्चे की बलि देकर साधना की बात कही। महिला ने उसे मना किया, लेकिन वह नहीं माना। 21 नवंबर की शाम चार बजे वह प्रियांशु को लेकर गांव के बाहर गया। कुछ देर इधर-उधर घुमाने के बाद सोमपाल के गन्ने के खेत में ले जाकर पहले कान काटा फिर बाद में उसका गला घोट कर उसे मार डाला। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि मामले की जांच जारी है, यदि महिला की संलिप्तता मिलती है तो उसे भी गिरफ्तार कर चालान किया जाएगा।