परिवार वालों की गैरमौजूदगी में चोर घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर चार हजार की नगदी समेत हजारों रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है मगर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
मोहल्ला गनेशगंज निवासी जनरल मर्चेंट व्यापारी अमित खंडेलवाल ने बताया कि वह गुरुवार की रात करीब सवा दस बजे नगर के एक होटल एंड रेस्टोरेंट में भतीजे की शादी मेें शामिल होने परिवार के साथ गए थे। रात पौने बारह बजे घर जब घर वापस लौटे तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। चोर सेफ में रखे पत्नी गुंजन खंडेलवाल के छह जोड़ी सोने के कुंडल, बाली, सोने की चैन, सोने की चूड़ी, टीका और चार हजार की नगदी चोरी कर ले गए।
उन्होंने बताया कि चोराें ने मां शांता खंडेलवाल के कमरे में भी चोरी का प्रयास किया था। उन्होंने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है।