जंगल में हरदोई ब्रांच नहर की पुलिया के समीप से लावारिस बाइक और मोबाइल बरामदगी के मामले में लापता बाइक स्वामी मोहल्ला साहूकारा (लाइनपार) निवासी विजय मिश्रा उर्फ श्यामू का शव हरदोई ब्रांच नहर में बंडा थाना क्षेत्र में मिल गया। बंडा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। श्यामू बुधवार को अपनी ससुराल घुंघचाई से बाइक लेकर दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव न्यूरान जाने की जानकारी देकर निकला था। कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को श्यामू की गुमशुदगी दर्ज की थी। मूलरूप से क्षेत्र के गांव शेरपुरकलां निवासी विजय मिश्रा उर्फ श्यामू और उसका परिवार करीब दो दशक पहले नगर के मोहल्ला लाइनपार में आकर बस गए थे। श्यामू की शादी गांव घुंघचाई निवासी ईश्वर दयाल की पुत्री से हुई थी। श्यामू की पत्नी की करीब एक साल पहले मौत हो गई। श्यामू की दो पुत्रियां अपनी नानी के घर रहकर पढ़ती है। बुधवार को श्यामू अपनी ससुराल गया था और दोनों पुत्रियों की स्कूल में फीस जमा कर दियोरिया क्षेत्र के गांव न्यूरान जाने की जानकारी देकर बाइक से निकला था। घुंघचाई पुलिस ने सूचना पर बृहस्पतिवार को उसकी बाइक दियोरिया जंगल में हरदोई ब्रांच नहर की टूटी पुलिया के समीप लावारिस खड़ी बरामद की थी। बाइक की गद्दी पर उसका मोबाइल रखा था। साथ ही दवाई के एक पर्चा था। जिस पर एक मोबाइल नंबर लिखा था। जो उसकी ससुराल का था। सूचना पर पहुंचे श्यामू के ससुरालियों ने बाइक और मोबाइल श्यामू की होने की जानकारी पुलिस को दी थी। नहर किनारे बाइक खड़ी मिलने पर अनहोनी की आशंका उसकी ससुराल वाले व्यक्त कर रहे थे। शुक्रवार को बंडा थाना क्षेत्र में हरदोई ब्रांच नहर में श्यामू का शव मिला। बंडा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।