पेट दर्द की शिकायत पर एसएस अस्पताल में भर्ती कराई गई महिला का गर्भपात हो गया। परिवार वालों ने चिकित्सक की लापरवाही और गलत इलाज का आरोप लगाया तो उनके साथ मारपीट कर भगा दिया गया। डीएम के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने एसएस अस्पताल के चिकित्सक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। ग्राम बरहा निवासी देवेंद्र कुमार रस्तोगी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 जून 2017 को उनकी चार माह की गर्भवती पुत्रवधु रजनी को पेट दर्द की शिकायत पर गांधी स्टेडियम रोड स्थित एसएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां परिवार वालों ने इलाज शुरू करने से पहले चिकित्सक को बुलाने को कहा। आरोप है कि इसके बावजूद स्टाफ ने खुद ही इलाज शुरू कर दिया। कुछ देर बाद ही इलाज के दौरान महिला का गर्भपात हो गया। इसके बाद भी अस्पताल स्टाफ की लापरवाही जारी रही। पीड़ित को अल्ट्रासाउंड एवं खून की जांच कराने के नाम पर इधर-उधर चक्कर लगवाते रहे। काफी देर टरकाने के बाद उनको डिस्चार्ज स्लिप देकर जाने को कह दिया। आरोप है कि डॉ. प्रांजल अग्रवाल ने उनसे रुपये भी अधिक लिए। इसको लेकर बातचीत करने पर चिकित्सक ने स्टाफ के साथ मिलकर पीड़ित परिवार को भगा दिया। पीड़ित ने संगीन आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग डीएम से की। जिसके बाद काननूू कार्रवाई की गई है।