दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की पिटाई कर घर से निकाल दिया गया। विवाहिता के पति ने दूसरी शादी भी कर ली। गांव ढक्काचाट निवासी पूरनलाल की पत्नी लीलावती ने पुत्री के उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज न होने पर इसकी शिकायत महिला आयोग से की। अब सीओ के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने लीलावती की पुत्री के ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। लीलावती ने बताया कि उसने अपनी पुत्री कृष्णा देवी की शादी करीब पांच साल पहले घुंघचाई पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव दिलावरपुर निवासी बाल किशन के पुत्र धर्मेंद्र से की थी। शादी के कुछ दिन बाद कम दहेज के लिए पुत्री को प्रताड़ित किया जाने लगा। दहेज में बाइक की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर करीब दो माह पहले पिटाई कर उसे दुधमुंहे बच्चे के साथ घर से निकाल दिया गया। जबकि बड़ा पुत्र उसे नहीं दिया गया। आरोप है कि धर्मेंद्र ने दूसरी शादी भी कर ली। पुत्री के उत्पीड़न की शिकायत घुंघचाई पुलिस चौकी सहित अन्य पुलिस अफसरों से की, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। लीलावती ने महिला आयोग को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। सीओ बीपी सिंह ने महिला आयोग से आई जांच पर कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने लीलावती की ओर से कृष्णा के पति, ननद संजू, रजनीश आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।