थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव मानपुर में बृहस्पतिवार को एक विवाहिता ने अंधविश्वास के चलते भूत के प्रकोप से बचने को शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। उसे बचाने के प्रयास में उसका एक रिश्तेदार भी गंभीर रूप से झुलस गया। थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी रोशनलाल ने बताया कि उनकी 32 वर्षीय पत्नी आशा देवी पर किसी ने भूत-प्रेत का चक्कर होने की बात कही थी। इसके चलते वह काफी परेशान थी। भूतप्रेत के प्रकोप से बचने को आशा देवी ने बृहस्पतिवार को दोपहर में शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। इसमें वह गंभीर रूप से झुलस गई। उस समय रोशनलाल घर पर नहीं था। आशा का शोर सुनकर उसके पड़ोस में रह रहे उसके करीबी रिश्तेदार सोमपाल ने तत्काल वहां पहुंचकर उसे बचाने का प्रयास किया, जिसमें वह भी गंभीर रूप से झुलस गया। इसी बीच रोशनलाल भी घर आ गया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर गांव के तमाम लोग जमा हो गए। झुलसे दोनों लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। झुलसे हुए लोगों का मेडिकल परीक्षण करने वाले डॉ. लेखराज गंगवार ने बताया कि आशा देवी लगभग 80 फीसदी झुलस गई हैं, जबकि सोमपाल करीब 50 प्रतिशत झुलसा है। दोनों का इलाज किया जा रहा है।