पत्नी के मायके चले जाने से क्षुब्ध एक युवक ने मंगलवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। मकान मालिक से सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव ढकिया केसरपुर निवासी 27 वर्षीय नरेश यादव गौहनिया चौराहा स्थित एक होटल में काम करते थे। पांच साल पहले वह परिवार के साथ पीलीभीत आकर रहने लगे थे। दो महीने से मोहल्ला सुनगढ़ी में वीरेंद्र पांडे के मकान में किराए पर रह रहे थे। दो दिन पहले उनका किसी बात को लेकर पत्नी रानी से झगड़ा हो गया था। मंगलवार सुबह फिर दोनों के बीच कहासुनी हुई तो रानी अपने तीनों बच्चों को लेकर मायके दिल्ली चली गई। पत्नी और बच्चों के चले जाने से आहत नरेश ने देर रात अपने कमरे में पत्नी के दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से फांसी लगा ली। मकान मालिक वीरेंद्र पांडे ने शव लटकता देखा तो पुलिस को सूचना दी। इस पर इंस्पेक्टर सुनगढ़ी योगेंद्र पाल शर्मा, कस्बा इंचार्ज देवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर परिवार वाले भी आ गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पत्नी के जाने से आहत होने को आत्महत्या का कारण बताया जा रहा है।