शेरगंजखुर्द के जंगल में मुर्गे लड़ाकर जीत-हार का दांव लगा रहे तीन लोगों को गजरौला पुलिस ने दबोच लिया। जबकि काफी संख्या में मौजूद लोग भागने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से सात बाइक व पांच मुर्गे बरामद किए हैं। मुखबिर से मिली मुर्गों को लड़ाकर जुआ खेलने की सूचना पर गजरौला इंस्पेक्टर जयवीर सिंह, जरा चौकी प्रभारी रंजीत सिंह ने पुलिस बल के साथ शेरगंजखुर्द के पास जंगल में छापा मारा। पुलिस को आते देख मुर्गे लड़ाकर दांव लगा रहे लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा करके तीन लोगों को दबोच लिया। इनमें कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पंजाबियान निवासी शब्बू उर्फ सहजाउर्रहमान, मोहल्ला भूरे खां निवासी अयूब पुत्र अच्छन और पूरनपुर थाना क्षेत्र के कल्यानपुर निवासी गयादीन हैं। पांच मुर्गे व सात बाइक मौके से कब्जे में ली गई। पकड़े गए आरोपियों के पास 4620 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।