मायके से लौट रही गनेशगंज मोहल्ला निवासी अनिल शर्मा की पत्नी सरोज शर्मा के बैग से पांच हजार रुपये और जेवर चोरी हो गए। सरोज ने मैजिक चालक पर रुपये और जेवर चोरी करने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दे दी। पुलिस ने मैजिक चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। यह घटना 27 फरवरी की है। सरोज शर्मा ने बताया कि उसका मायका बीसलपुर के गांव मुसेली में है। वह भतीजे के नामकरण संस्कार में शामिल होने मायके गई थी। सोमवार को मायके से लौटते समय मैजिक में भीड़ थी। सरोज के मुताबिक उसके मना करने बावजूद चालक ने उसका बैग मैजिक की छत पर रख दिया। पूरनपुर में स्टैंड पर उतरने के समय चालक ने बैग मैजिक की छत से उतारकर सरोज को दे दिया। सरोज के मुताबिक घर पहुंचने पर उसने बैग देखा तो उसमें रखे पांच हजार रुपये नकद और सोने की चैन, मंगलसूत्र, झुमकी गायब थे। सरोज ने बुधवार को कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दे दी। उसका आरोप है कि बैग से रुपये और जेवर मैजिक चालक की मिलीभगत से चोरी हुई हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए मैजिक चालक को हिरासत में ले लिया। एसएसआई एमएस विष्ट ने बताया कि जेवर चोरी होने की तहरीर पर जांच की जा रही है।